आत्मदाह करने वाली नाबालिग की सहेलियों के लिए बयान
पुलिस ने परिजनों के हवाले किया शव
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। छेड़छाड़ से तंग आकर आत्मदाह करने वाली नगरोटा सूरियां के एक गांव की नाबालिग लड़की का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतका के बयान पर छेड़छाड़ कर आत्मदाह के लिए उकसाने वाले लक्की पुत्र राज कुमार को पुलिस ने धारा 354, 306, 506 और पॉस्को अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर घटना वाले दिन ही शाम को गिरफ्तार कर लिया था और बुधवार को ज्वाली के सब-जज कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे पांच मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी जवाली मेघनाथ चौहान ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इसके लिए आज स्कूल तथा उसके परिवार तथा सहेलियों के बयान कलमबद्ध कर लिए गए हैं तथा फॉरेंसिक टीम ने लड़की के घर का दौरा भी किया है। गौरतलब है कि पहली मई को जमा दो की छात्रा ने स्कूल से शाम को छुट्टी के बाद अपने मामा के घर पहुंच कर कमरे में उस समय आत्मदाह कर लिया, जब उसके मामा-मामी घर के नजदीक ही बाहर खेत में काम कर रहे थे। लड़की के चीखने की आवाज सुन कर जब वे घर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां पहुंचाया गया। मरने से पहले लड़की ने पुलिस को बयान दिया था कि उसे कई दिनों से रिश्ते में उसका ममेरा भाई लक्की उससे छेड़खानी करता था। इससे तंग आकर उसने आत्मदाह किया है। उधर, पुलिस ने स्कूल में भी पूछताछ की। स्कूल में नाबालिग आत्मदाह वाले दिन गैरहाजिर पाई गई।