नंगल चौक पंचायत में बीपीएल सर्वे पर हंगामा
सर्वे में अपात्र लोगों को स्थान देने के लगाए आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
डाडासीबा (कांगड़ा)। विकास खंड परागपुर की नंगल चौक ग्राम पंचायत में बीपीएल सर्वे के विरोध लोगों ने भारी हंगामा किया गया। ग्राम सभा की कार्रवाई को नहीं चलने दिया गया। लोगों का आरोप था कि सर्वे टीम ने सही ढंग से सर्वे न करके अपात्र लोगों को इसमें शामिल कर दिया है। इससे पात्र लोगों के साथ अन्याय हुआ है। ग्रामीणों सुशील कुमार, गुरदास राम, हरि चंद संधू, रतन चंद, संदीप कुमार, देवराज, प्रकाश चंद, प्रीतम चंद, जोध सिंह, वीर सिंह, अंजू बाला, गुरचरण देवी, सुषमा देवी, नीलम देवी आदि ने मांग की है कि पंचायत का दोबारा से सर्वे करवाया जाए, ताकि पात्र लोगों को इसका लाभ मिल सके। मौके पर उपस्थित पर्यवेक्षक और कार्यकारी सचिव ने लोगों के भारी विरोध को देखते हुए बीडीओ परागपुर को इस संबंध में निर्णय लेने के लिए प्रस्ताव डाला। लोगों ने यह भी मांग रखी कि जिस सर्वे टीम के कर्मचारियों ने गलत सर्वे किया है, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।