अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। अब कांगड़ा विस हलके से नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की नकद राशि मिलेगी। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पवन कालज ने यह ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से जो भी खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में चयनित होगा या खेलेगा उसे वे एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार देंगे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रह कर खेलों के साथ-साथ पढ़ाई कर जीवन का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। यह बात विधायक ने राजकीय डिग्री कॉलेज मटौर के मैदान में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि मटौर कॉलेज के भवन के लिए जगह का चयन हो चुका है, शीघ्र ही भवन का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। वहीं, फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में साईं फुटबाल एकेडमी कांगड़ा ने यंग्ज फुटबाल क्लब मटौर की टीम को रोमांचक मुकाबले में दो-एक गोल के अंतर से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेताओं को विधायक ने स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को एक-एक हजार रुपये और आयोजकों को टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए 5100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। इस मौके पर पंचायत प्रधान कैप्टन निर्मल सिंह, उपप्रधान संजीव काका, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश वालिया, प्रेम बरसोला, चुनी लाल, रोशन लाल सिंहोतरा भी उपस्थित रहे।