अमर उजाला ब्यूरो
भवारना (कांगड़ा)। भवारना के पास पालमपुर-सुजानपुर राज्य सड़क पर पड़े गड्ढों को विभाग की ओर से मिट्टी से भरने पर दुकानदार भड़क गए हैं। दुकानदारों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एक तो पहले ही सड़क की खराब हालत से उन्हें रोजाना मिट्टी फांकनी पड़ रही है। अब विभाग इन गड्ढों को भी मिट्टी से भर रहा है, जो दूसरे दिन ही उखड़ कर यह मिट्टी और परेशान करेगी। दुकानदारों का कहना है कि इस सड़क को पक्का करना चाहिए न कि मिट्टी से भरना चाहिए।
स्थानीय लोगों इंदु शर्मा, अजय मेहरा, सोनी गुप्ता, अधिराज सूद, हैप्पी राठौर, मनु और अजय शर्मा आदि बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने गड्ढों को मिट्टी से भरने पर भारी रोष जताया। इन सब का कहना है कि जब से सड़क किनारे पानी के पाइप डालने का काम शुरू हुआ है, तब से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन कोई न कोई हादसा इस सड़क पर होता रहता है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन विकास सूद ने कहा कि सड़क के गड्ढों को जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने मौसम ठीक होने पर सड़क की टारिंग करने का भी आश्वासन दिया।