धर्मशाला। नामांकन पत्रों की जांच के बाद जिला कांगड़ा के चुनावी समर से 13 उम्मीदवार बाहर हो गए हैं। निर्वाचन आयोग ने नामांकन पत्रों में त्रुटियां पाए जाने पर इन उम्मीदवारों के नामांकन को अस्वीकार कर दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिले के सभी 15 विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन अधिकारियों ने विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल सभी नामांकन पत्रों की जांच की। इस दौरान 13 नामांकन पत्रों में त्रुटियां पाए जाने पर उन्हें रद्द कर दिया गया।
जिला में कुल 104 उम्मीदवारों के नामांकन जांच के बाद सही पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया के दौरान इंदौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की कवरिंग उम्मीदवार कमला देवी और निर्दलीय उम्मीदवार गायत्री देवी, जसवां परागपुर से भारतीय जनता पार्टी के कवरिंग उम्मीदवार विनोद कुमार, जयसिंहपुर से भारतीय जनता पार्टी के कवरिंग उम्मीदवार स्वरूप कुमार, सुलह से आल इंडिया मानवाधिकार राजनीतिक दल के उम्मीदवार देसराज शर्मा, नगरोटा बगवां से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार प्रियंका तथा कांग्रेस पार्टी के कवरिंग उम्मीदवार आरएस बाली, शाहपुर से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार विजय कुमार, धर्मशाला से बहुजन समाज पार्टी की उम्मीदवार माला चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के कवरिंग उम्मीदवार रमेश चंद, पालमपुर से कांग्रेस के कवरिंग उम्मीदवार बृज बिहारी लाल बुटेल, समाजवादी पार्टी से रमेश कुमार और स्वाभिमान पार्टी के रमेश भाऊ के नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए हैं।