धर्मशाला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) धर्मशाला की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में नया इतिहास जड़ा है। दो दशकों से जिला स्तर पर स्कूल की छात्राओं को कोई भी मात नहीं दे पाया है। इसी का नतीजा है कि स्कूल ने जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में लगातार 20वीं बार जीत दर्ज करवा कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एंट्री मारी है।
नगरोटा बगवां में हुई अंडर-19 छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में जहां स्कूल ओवरऑल चैंपियन बना। वहीं, दो दशकों से लगातार जीत का रिकॉर्ड भी बनाया। स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रतियोगिता के लोक गायन, समूह गान, शास्त्रीय संगीत और वाद्य वृंद प्रतिस्पर्धा में जीत दर्ज की। स्कूली छात्राओं की इस उपलब्धि के लिए स्कूल की प्रधानाचार्य अंजुला कटोच ने प्रतिभागियों और संगीत प्रवक्ता एवं टीम प्रभारी रेखा शर्मा को बधाई दी। साथ ही राज्य स्तर पर भी छात्राओं के उम्दा प्रदर्शन की कामना की। संगीत प्रवक्ता एवं टीम प्रभारी रेखा शर्मा ने बताया कि लोक गायन प्रतियोगिता में अनीता, शास्त्रीय गायन में राखी, समूहगान में स्नेहा, आंचल, अनिता, नेहा, सोनू निकिता, अंजली, शिवानी, श्वेता, मानसी, काजल और आंचल, जबकि वाद्य वृंद में आंचल हारमोनियम, स्नेहा तबला, काजल और अनित जलतरंग, अंजली संतूर, निधिका, राखी और नितिका ने सितार, अंजली ने मेडोलियन और सरोद वादन किया। उन्होंने बताया कि अब टीम कुल्लू में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्कूली छात्राओं की इस उपलब्धि में स्कूल की प्रधानाचार्य अंजुला कटोच और प्रवक्ता अरुणा शर्मा का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि साल 1998 से जहां लगातार चारों प्रतिस्पर्धाओं में जिला स्तर पर विजय हासिल की है। वहीं, राज्य स्तर पर भी हर साल कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ने जीत दर्ज की है।