धमाके की आवाज से सहमा उपमंडल पालमपुर
कोई ब्लास्ट तो कोई आसमान में बता रहा है धमाका
अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर में सोमवार शाम को एक धमाका हुआ। यह धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। साथ ही धमाके के कारण लोगों के घरों की दीवारें तक हिल गईं। धमाके की आवाज सुनते ही कई लोग भूकंप की आशंका से घरों से बाहर आ गए। वहीं, उपमंडल में हुए इस धमाके के बाद खुफिया एजेंसियां और सेना भी अलर्ट हो गई। जानकारी के अनुसार धमाके की जगह बनूरी और चंदपुर के आसपास बताई जा रही है। इस पर पुलिस ने वहां का दौरा किया, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। वहीं सूत्रों की मानें तो बनूरी में एक विभाग ब्लास्टिंग का कार्य करवा रहा है, लेकिन अभी किसी ने इसकी साफ पुष्टि नहीं की है। वहीं इस धमाके को कोई बनूरी, कोई चंदपुर तो आसमान में बता रहे हैं। उधर, डीएसपी पालमपुर विकास धीमान ने कहा कि धमाका हुआ है, लेकिन यह धमाका कहां और कैसे हुआ है। इसकी छानबीन की जा रही है।