अमर उजाला ब्यूरो
लंबागांव (कांगड़ा)। इलाके की पंचायत धुपक्यारा के चौंआ गांव का एक युवक पिछले पांच माह से लापता है। यह युवक घर से नौकरी करने निकला था। लेकिन, अब उसकी परिजनों को कोई जानकारी नहीं है कि वह कहां चला गया है। परिजनों ने पुलिस में शिकायत दे दी है।
धुपक्यारा पंचायत के गांव चौंआ का कुलवीर चंद उर्फ सन्नी पहले हमीरपुर के अवाहदेवी के तरकवाड़ी गांव में एक होटल में काम करता था। उसने वहां पर करीब सात-आठ माह नौकरी की। लेकिन, उसके बाद उसी होटल में उसके साथ कुक का काम करने वाला ऊना के तलवाड़ा का युवक जगदेव उससे पहले नौकरी का झांसा देकर चंडीगढ़ और मनाली ले गया। यहां से कुलवीर ने अपने घरवालों को एक बार फोन भी किया। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे कुलवीर का फोन जून-जुलाई में आया था। लेकिन, जब बाद में उन्होंने उसके नंबर पर फोन करना चाहा तो उसका फोन स्विच ऑफ आया। बाद में कुलवीर के घरवालों ने तलवाड़ा के युवक जगदेव के फोन पर फोन किया, तो उसका नंबर भी बंद आया। यह देख कुलवीर के परिजनों को किसी अनहोनी का डर सताने लगा है। यह देख उन्होंने लंबागांव थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। उधर, लंबागांव पुलिस के एएसआई नंदलाल ने कहा कि पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।