ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और मंदिर संपत्ति को और महफूज करने की कवायद के तहत शुक्रवार को खुफिया एजेंसियों की टीम ने ज्वालामुखी मंदिर का दौरा किया। इस टीम में असिस्टेंट डायरेक्टर धर्मशाला आईबी अशोक कुमार, डीएसपी सीआईडी बद्री प्रसाद, देहरा से सुभाष चंद और अन्य कर्मी शामिल रहे। मंदिर अधिकारी डॉ. अशोक पठानिया ने टीम को मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। टीम ने पूरे मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे का गहनता से निरीक्षण किया।
टीम ने सुरक्षा के कई बिंदुओं पर मंदिर के अधिकारियों से चर्चा की। मंदिर की चेस्ट को इलेक्ट्रॉनिक अलार्म लगाने, मंदिर की सुरक्षा के लिए एक आर्म गार्ड नियुक्त करने, मंदिर में तैनात कर्मियों की करेक्टर वेरिफिकेशन पुख्ता करने, मंदिर में मल्टीपल एंट्री कम करने, मंदिर की चाहरदीवारी को ऊंचा करने संबंधी विभिन्न तरीकों से मंदिर में अभेद्य सुरक्षा कवच बनाने के लिए जल्द प्रदेश सरकार को यह टीम रिपोर्ट देगी। मंदिर अधिकारी डॉ. अशोक पठानिया ने मंदिर की सुरक्षा के लिए किए प्रयासों की टीम ने सराहना भी की।