15 जून तक जारी रहेगी खरीद, अब तक 11.42 करोड़ का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। प्रदेश में गेहूं खरीद का कार्य तेजी से जारी है। दो महीनों में 1,187 किसानों ने कुल 4,461.45 मीट्रिक टन गेहूं बेची है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से अब तक 993 किसानों को करीब 11.42 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।
प्रदेश में किसान 15 जून तक अपनी गेहूं की फसल खरीद केंद्रों पर बेच सकते हैं। इसके लिए प्रदेशभर में 10 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला कांगड़ा में गेहूं खरीद के लिए फतेहपुर, रियाली, मिलवां और नगरोटा बगवां में चार खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
विभाग ने कांगड़ा जिले में इस वर्ष 1850 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत रियाली में 1400 मीट्रिक टन, मिलवां में 350 मीट्रिक टन तथा फतेहपुर और नगरोटा बगवां में 50-50 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
अब तक मिलवां मंडी में 45 किसानों से 248.20 मीट्रिक टन, फतेहपुर में 12 किसानों से 52.10 मीट्रिक टन और रियाली में 180 किसानों से 1200.35 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। नगरोटा बगवां केंद्र में अभी खरीद शुरू नहीं हुई है।
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि 15 जून तक गेहूं खरीद का कार्य जारी रहेगा और किसानों को उनकी फसल का भुगतान भी समय पर किया जा रहा है।