एसडीएम ने चेक किया मिड डे मील भोजन
दो स्कूलों सहित राशन डिपो का किया निरीक्षण, राशन के भरे सैंपल
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। एसडीएम धर्मशाला ने मंगलवार को दो सरकारी स्कूलों का न केवल निरीक्षण किया। बल्कि मिड डे मील में पकने बाले भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए स्वयं भोजन खाया। मंगलवार को स्कूलों के निरीक्षण पर निकले एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) धर्मशाला और कन्या स्कूल धर्मशाला का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने कचहरी अड्डा स्थित राशन डिपो का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने मिड डे मील भोजन के लिए प्रयोग लाए जाने वाले राशन की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल भी लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है।
मंगलवार को छात्र स्कूल धर्मशाला में जिस समय एसडीएम निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उस दौरान स्कूल में मिड डे मील भोजन का समय था। इस दौरान एसडीएम ने स्कूली बच्चों के साथ मिड डे मील भोजन खाया। एसडीएम ने दोनों स्कूलों के मिड डे मील भोजन के रसोई घर भी चेक किए। उधर, एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि स्कूलों के निरीक्षण के दौरान मिड डे मील भोजन के लिए उपयुक्त व्यवस्था पाई गई है। मिड डे मील भोजन पकाने और आस-पास के स्थान पर स्वच्छता रखने के निर्देश जारी किए हैं।