कार ने महिला को मारी टक्कर, घायल
प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर किया
अमर उजाला ब्यूरो
लंज (कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर के कदरेटी में शनिवार सुबह कार ने पैदल चल रही महिला को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नीना देवी पत्नी राकेश कुमार निवासी कदरेटी अपने घर के बाहर सड़क पर जा रही थी, तभी नगरोटा सूरियां की तरफ से आ रही एचपी 39- डी-8006 नंबर कार ने महिला को टक्कर मार दी। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद लंज अस्पताल से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, हरिपुर थाना प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चालक की पहचान सुभाष चंद निवासी सकोह धर्मशाला के रूप में हुई है।
सीएचसी लंज में नहीं एक भी स्ट्रेचर
डॉक्टर के फोन करने के एक घंटे बाद आई 108 एंबुलेंस
विक्रम मेहरा
लंज (कांगड़ा)। स्वास्थ्य विभाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंज में एक स्ट्रेचर तक की सुविधा नहीं है। शनिवार को कार की टक्कर से घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया, तो वहां महिला को सड़क से अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर तक नहीं मिल पाया। महिला के पति राकेश कुमार, भटहेड़ पंचायत उप प्रधान देवराज, विजय कुमार, परदेसी राम, सुरेश कुमार, राकेश कुमार कहा कि लंज सीएचसी में तैनात डॉक्टर शिवानी की टीम ने नीना देवी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन अस्पताल की व्यवस्था के अनुसार उन्हें महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा। हालांकि नीना की गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. शिवानी ने तुरंत 108 को फोन किया। लेकिन एंबुलेंस आने में भी एक घंटा लग गया। तब तक महिला के परिजन उसे निजी गाड़ी में टांडा ले गए। उधर, स्वास्थ्य विभाग कांगड़ा के सीएमओ डॉ. एसएस राणा ने कहा कि सीएचसी की ओर से अभी तक कोई प्रपोजल स्ट्रेचर को लेकर नहीं आई। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि पूर्व सरकार ने बिना बजट के पीएचसी का दर्जा बढ़ा दिया था। जल्द बजट का प्रबंध कर सीएचसी लंज में मरीजों को सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।