अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। समय पर वेतन न मिलने के विरोध में नगर निगम धर्मशाला के सफाई कर्मचारी 21 फरवरी को हड़ताल करेंगे। पूरा दिन 140 सफाई कर्मचारियों में से एक भी कर्मचारी काम पर नहीं जाएगा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि वे ठेकेदार के अंडर काम करते हैं, लेकिन समय पर वेतन न मिलने के कारण उन्हें अपने परिवार का पालन मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से वेतन हर महीने दस तारीख तक देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन 20 फरवरी बीत जाने के बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिला है। पिछले महीने 23 जनवरी को वेतन मिला था। नगर निगम धर्मशाला के सफाई का काम ठेकेदार को सौंपा है। ठेकेदार ने 140 लोगों को सफाई का काम दिया है, जिसमें अधिकतर महिलाएं हैं। सफाई कर्मी संजू, संजीव, तारा देवी, जनक राज, संतोष, जय प्रकाश, सुनीता, भावना, विक्की, पंकज और विवेक ने कहा कि उन्हें छह हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है। जिसमें से ठेकेदार एक हजार रुपये ईपीएफ के नाम पर काट लेता है, लेकिन उन्हें अभी तक कोई ईपीएफ नंबर नहीं दिया गया है। इस महंगाई के दौर में उन्हें पांच हजार रुपये से परिवार पालना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बुधवार को वे काम का बहिष्कार करेंगे और आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और श्रम विभाग को शिकायत पत्र भेजेंगे। अगर उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
कोट्स
नगर निगम धर्मशाला आयुक्त संदीप कदम ने कहा कि सफाई ठेकेदार को कर्मचारियों का वेतन देने के निर्देश दिए गए हैं। अगर ठेकेदार कर्मियों को वेतन नहीं देता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।