कांगड़ा। मंडल भाजपा की बैठक में कांगड़ा विस क्षेत्र में भाजपा की हार पर गहन मंथन किया गया। मंथन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई तर्क दिए। मंडल भाजपा अध्यक्ष रमेश बराड़, उपाध्यक्ष देवी लाल चौधरी, भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक संजय चौधरी, घुरकड़ी की पंचायत प्रधान नीतू दमीर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कांगड़ा विस क्षेत्र से आए मंडल पदाधिकारियों, सदस्यों और बूथ अध्यक्षों ने हिस्सा लेकर भाजपा की हार को लेकर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से तीन प्रस्ताव पारित किए गए। मंडल के सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित कर संजय चौधरी को चेयरमैन पद देने की मांग मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से की। बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि जिन भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी विरोधी कार्य किया है, उन्हें भाजपा से निष्कासित किया जाए। बैठक में प्रस्ताव पारित कर जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई संदेश भी दिया। इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष कल्पना भंडारी, कुलदीप चौधरी, अशोक खैरा, सतपाल सोनी सहित सैकड़ों पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।