पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में बंदला की धौलाधार की पहाड़ियों में रविवार देर शाम लगी आग के कारणों का पता लगाने गई वन विभाग की टीम वापस लौट आई है। यह टीम आग बुझता देख रास्ते से आ गई है। भारी ठंड और बर्फ के बीच इस टीम का वहां तक पहुंचना भी आसान नहीं था। लेकिन, घटनास्थल के नजदीक पहुंची टीम आग को बुझता देख वापस आ गई है। टीम को वहां पर ऐसी कोई गतिविधि नहीं दिखी है, जहां पर किसी के होने का अंदेशा हो। वन विभाग की तीन सदस्यीय टीम घटनास्थल के लिए सोमवार को रवाना हुई थी। रविवार को बंदला की ऊपरी बर्फ की पहाड़ियों पर लगी आग से हर कोई हैरान था, तो लोगों में खौफ भी था कि बर्फ में लगी आग से कोई हादसा न हो। इसका पता चलते ही वन विभाग ने आग का पता लगाने के लिए सोमवार को तीन सदस्यीय टीम रवाना कर दी थी। अब यह टीम वापस आ गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। पहाड़ियों में रविवार करीब यह आग सात बजे लगी थी। सफेद बर्फ के बीच लगी यह आग हर किसी ने देखी थी। इससे लोगों में कई सवाल उठे थे। हालांकि, आशंका यह भी जताई जा रही है, कुछ लोग क्रिसमस डे मनाने भी वहां पर पहुंचे होंगे या कोई वहां पर फंसा होगा, लेकिन हैरानी तो यह है कि ऐसे में बर्फ में आग लगना एक हैरानी से कम नहीं था। उधर, डीएफओ बीएस यादव ने कहा कि विभाग की तीन सदस्यीय टीम आग की घटनास्थल पर गई थी। लेकिन, आग बुझने के बाद यह टीम वापस लौट आई है।