पालमपुर के डरोह में आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि डीआईजी जेपी सिंह बेस्ट कैडेट को बैज लगाकर सम्मानित करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
डरोह (कांगड़ा)। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह में सोमवार को पुलिस उपनिरीक्षकों के छठे दस्ते के दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। पीटीसी के पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल ने समारोह में पासआउट होने वाले 17 महिला और एक पुरुष उप निरीक्षकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सितंबर 2016 में शुरू हुए इस कोर्स की 13 माह की अवधि में पुलिस उपनिरीक्षकों को कठोर प्रशिक्षण दिया गया है। दो चरणों में चले कोर्स में पुलिस उपनिरीक्षक जहां मैदानी और व्यवहारिक ज्ञान से परिपूर्ण किए गए, वहीं इन्हें कानूनी विषयों की भी जानकारियां दी गईं। समारोह में मुख्यातिथि डीआईजी नॉर्दन रेंज जेपी सिंह ने भव्य परेड की सलामी ली। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश पुलिस के जवान और अधिकारी अपना कार्य ईमानदारी के साथ तथा कानूनी दायरे में रहकर करें। उन्होंने नवदीक्षित प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस के सामने जाति, धर्म, लिंग, रंगभेद और धनाढ्य और गरीब होना कोई मायने नहीं रखता है, उसे सभी के साथ मानवता का व्यवहार करना चाहिए। इस मौके पर कमांडेंट चतुर्थ आईआरबीएन सुुनील चौधरी, कमांडेंट तृतीय आईआरबीएन ओपी जम्वाल, सेवानिवृत्त आईजी जीडी भार्गव, ज्वाइंट डायरेक्टर कानून केके कौशल, डीएसपी प्रवीण धीमान, डीएसपी अनिल दत्त, डीएसपी कुलदीप कुमार, डीटीडीए अनिल अवस्थी, इंस्पेक्टर निधि सिंह, एसआई विनोद शर्मा, अनिल कुमार, ठाकुरू राम, सीडीआई सुरेश कुमार, अश्वनी कुमार, लक्ष्मण दास, विपिन चंद्रा, सुशील राणा, खुशबंत परमार, देश राज, रमेश चंद, परस राम सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।