फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी रैलियों की करवाएं वीडियो रिकार्डिंग

विज्ञापन
- फोटो : self
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

धर्मशाला (कांगड़ा)। कांगड़ा जिला में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण चुनावों के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा को लेकर सोमवार को चुनाव पर्यवेक्षकों ने धर्मशाला में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सभी निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें आदर्श चुनाव आचार संहिता को और प्रभावी तरीके से लागू करने और अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ चुनावों के सुचारु निष्पादन के लिए तैयार योजना को लेकर विचार-विमर्श करने सहित चुनावों से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुरेंद्र कुमार जायसवाल, सज्जाद जमन हजारिका, के बीजू और डॉ. मुनीष कुमार तथा चुनाव व्यय पर्यवेक्षक जे जयाबालाजी, अजय कुमार जैन, जय नाथ वर्मा और अमनजीत सिंह ने अधिकारियों से संबंधित क्षेत्रों में चुनावों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और जरूरी सुझाव और निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश देते हुए चुनावी ड्यूटियों पर तैनात कर्मियों को उनके उत्तरदायित्वों के बारे में पूरी तरह सजग करने को कहा। उन्होंने चुनावों से जुड़ी सभी रिपोर्ट समय पर सौंपने, चुनावी रैलियों की वीडियो रिकार्डिंग करवाने, बैंकों से भारी मात्रा में धन निकासी के मामलों पर नजर रखने, धन एवं शराब के लेन-देन जैसे मामलों को लेकर छापामारी करने और बिना अनुमति चल रहे प्रचार वाहनों को जब्त करने इत्यादि सहित चुनावी तैयारियों को लेकर अन्य निर्देश दिए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सीपी वर्मा ने पर्यवेक्षकों द्वारा दिए गए निर्देशों को पूरी तरह लागू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनावों के लिए जिले में किए इंतजामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनावों के सुचारु निष्पादन के लिए गठित विभिन्न टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। इसके अलावा मतदान दिवस को लेकर भी सभी स्तरों पर किए गए प्रबंधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पर्यवेक्षकों को मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए प्रशासन द्वारा स्वीप कार्यक्रम के तहत किए गए नए प्रयोग एवं पहल के बारे में भी अवगत करवाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. रमेश छाजटा ने पुलिस की तैयारियों के बारे में अवगत करवाया कि चुनावों को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए छापामारी की जा रही है। अभी तक की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में शराब और अन्य मादक द्रव्य पकड़े गए हैं। उन्होंने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा तथा चुनाव से जुड़े अन्य कार्यकलापों के लिए पुलिस योजना की भी जानकारी दी। बैठक में एडीसी केके सरोच, एएसपी शिव कुमार शर्मा और जिले के सभी निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें