अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। प्रदेश कांग्रेस महासचिव और परिवहन मंत्री जीएस बाली के पुत्र रघुवीर सिंह बाली ने कहा कि मुझे टिकट की चाह नहीं है। नगरोटा बगवां की जनता मेरी राजनीतिक पारी तय करेगी। नगरोटा बगवां में जीएस बाली के नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं की जनसभा में उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक भविष्य नगरोटा बगवां के गांधी मैदान में उनके पिता के कार्यक्षेत्र की जनता की सलाह से तय होगा।
उनके पिता और परिवार ने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किए हैं और आज इसी का नतीजा है कि जीएस बाली प्रदेशभर के प्रत्येक हलके में अपना वजूद रखते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेताओं के साथ उनके पिता के निजी और सामाजिक रिश्ते हैं, इसका यह कतई मतलब नहीं कि उनके पिता ने पार्टी की नीतियों और मजबूती के साथ कोई समझौता कर लिया है।
उन्होंने पार्टी के बड़े नेता को आड़े हाथ लेते हुए जीएस बाली के वजूद का अहसास भी दिलाया जो यह कहते रहे कि यदि बाली भाजपा में जाते हैं तो जाएं, कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता।