थुरल (कांगडा़)। थुरल पंचायत के गांव भनाड़ थाना में वीरवार को एक पागल कुत्ते ने तीन लोगों को काट खाया। जानकारी के अनुसार गांव भनाड़ के मैजन राणा, रतनी देवी और थाना गांव की सुशीला देवी को एक लावारिस पागल कुत्ते ने काटा। उन्हें थुरल अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें उपचार दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पागल कुत्ते ने तीन चार आवारा कुत्तों को भी काटा है। पागल कुत्ते के तीन लोगों को काटने से गांव में दहशत फैल गई और गांव वालों ने इकट्ठा होकर उस पागल कुत्ते को मार डाला है। सुशीला देवी के बेटे सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने अस्पताल ले जाकर
अपनी माताजी का इलाज करवाया है। हालांकि, इस मामले की पुलिस थाना में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। उधर, थुरल पुलिस थाना प्रभारी ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि हमारे पास कुत्ते के काटने की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।