धर्मशाला। खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर के खिलाफ मामला बंद करने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धर्मशाला ने कड़ा एतराज जताया है। साथ ही मंत्री किशन कपूर से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने और मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला के अध्यक्ष राकेश चौधरी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2008 में भाजपा सरकार में शहरी विकास मंत्री और हिमुडा चेयरमैन रहते हुए किशन कपूर ने नियमों को ताक पर रखकर प्लॉट आवंटन किए थे। ब्लॉक कांग्रेस ने मंत्री से सवाल किया है कि उन्होंने अपना होटल क्यों बंद रखा है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 27 दिसंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के धर्मशाला दौरे के दौरान ब्लॉक कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर पीएम को ज्ञापन सौंपेगी। यदि प्रदेश सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है, तो कपूर के होटल की जांच के संबंध में एनजीटी को भी पत्र भेजा जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव शकुन मनकोटिया, प्रदेश बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के सचिव आरपी चोपड़ा, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव शुभम सूद, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कपूर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षित सैनी, कोऑपरेटिव प्रकोष्ठ अध्यक्ष सरवन थापा, युवा कांग्रेस लोकसभा महासचिव अंकुश सलारिया और प्रदेश युवा महासचिव मनी महेश जौड़ा आदि मौजूद रहे।