कांगड़ा। उपमंडल प्रशासन ने बुधवार को किसान भवन इच्छी में आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन कर 173 ग्रामीणों की समस्याएं सनीं। एसडीएम शशीपॉल नेगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही ओबीसी, हिमाचली प्रमाण पत्रों सहित बुजुर्गों के पेंशन संबंधी लंबित मामलों का निपटारा किया।
एसडीएम ने बताया कि कार्यक्रम का मूल मकसद ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ घर-द्वार उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 80 शिकायतें तहसीलदार कांगड़ा और उनकी टीम ने निपटाईं। साथ ही 65 पात्र लोगों को गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन स्वीकृत किए गए। नेगी ने बताया कि ग्रामीणों की बिजली और पानी से संबंधित शिकायतों का निपटारा संबंधित विभागों को निर्धारित समय में करने के
आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन 6 दिसंबर को ऐसा ही कार्यक्रम चंगर क्षेत्र की पंचायत हार जलाड़ी में आयोजित करेगा, ताकि वहां के बाशिंदों को विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का निपटारा मौका पर किया जा सके।