जेबीटी टीईटी के प्रश्न पत्र के उत्तर में असमंजस
चार में से उत्तर के दो विकल्प एक जैसे, परीक्षार्थी परेशान
अभ्यर्थियों ने शिक्षा बोर्ड से उठाई ग्रेस नंबर देने की मांग
अमर उलाजा ब्यूरो
जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की जेबीटी टीईटी में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर को लेकर अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। परीक्षार्थी प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार, संजय शर्मा, संजीत चौधरी ने कहा कि प्रश्न पत्र में दो प्रश्नों के उत्तर में असमंजस है। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र की डी सीरीज में प्रश्न नंबर-42 और प्रश्न नंबर 150 में ऑप्शन को लेकर असमंजस है। प्रश्न नंबर 42 में पूछा गया है कि 2:58 पीएम से चार घंटे 59 मिनट पहले का समय है, जिसकी ऑप्शन ए व सी में एक जैसा समय दर्शा दिया गया है, जबकि एक ही ऑप्शन दो बार नहीं हो सकती। क्योंकि अगर यही आंसर सही हुआ तो कौन सी ऑप्शन को चिन्हित किया जाए। वहीं, प्रश्न नंबर 150 में पूछा गया है कि कौल डैम किस जिले में स्थित है। इसकी ऑप्शन ए में कुल्लू, बी में मंडी, सी में बिलासपुर और डी में चंबा है। कौल डैम तो मंडी और बिलासपुर में स्थित है। ऐसे में परीक्षार्थी कौन से ऑप्शन को चिन्हित करेंगे। इसके अलावा भी कई प्रश्न हैं जिनके उत्तर को लेकर असमंजस है। उन्होंने प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मांग की है कि परीक्षार्थियों को ग्रेस नंबर दिए जाएं। उधर, शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने कहा कि अभी तक जेबीटी टेट परीक्षा की आंसर की नहीं डाली गई है। आंसर की डालने के बाद अगर परीक्षार्थियों के आपत्तियां आएंगी, तो विशेषज्ञों के पास भेजा जाएगा। अगर परीक्षार्थियों के आपत्तियां सही पाए जाते हैं तो निश्चित ही ग्रेस नंबर दिए जाएंगे।