डू-लाइक फुटबॉल क्लब बना विजेता
खालसा क्लब अमृतसर को 5-2 से हराया
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। 30वें ऑल इंडिया शहीद कैप्टन दुर्गामल दल बहादुर फुटबॉल गोल्ड कप का फाइनल मुकाबला डू-लाइक फुटबॉल क्लब जालंधर ने जीता है। फाइनल मुकाबले में पनेल्टी शूट से डू-लाइक फुटबॉल क्लब ने खालसा क्लब अमृतसर को 5-2 से हराया। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान धर्मशाला में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन अवसर पर खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करके विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। आयोजकों की ओर से डू-लाइक जालंधर को गोल्ड कप और 51 हजार रुपये, उपविजेता टीम खालसा क्लब अमृतसर को 31 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने आयोजकों को अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। किशन कपूर ने फुटबॉल चैंपियनशिप की स्मारिका का भी विमोचन किया। मुख्यातिथि ने शहीद मेजर दुर्गामल के पुत्र एवं पुत्रबधु और बेटी अरुणा थापा, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से पुरस्कृत डॉ. जनमेजय गुलेरिया, नूरपुर बस हादसे में सुरक्षित बचे बहादुर बच्चे रणवीर को अदम्य साहस के लिए सम्मानित किया गया। रणवीर दुर्घटना में स्वयं गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पहाड़ी चढ़कर सड़क पर आए थे और पास मौजूद लोगों को इस दुर्घटना की जानकारी दी थी। फुटबॉल चैंपियनशिप के आयोजन समिति के समन्वयक आरएस राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में जम्मू यूनाइटेड, शाह फुटबॉल क्लब पटियाला, खालसा क्लब अमृतसर, डू-लाइक फुटबाल क्लब जालंधर, सतलुज फुटबॉल क्लब, एचपीएफए फुटबॉल टीम के अलावा सेना की दो टीमों इलेवन जीआरआरसी लखनऊ और 39 जेटीसी बनारस सहित कुल आठ टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल, मंडल अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, आयोजन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र परमार, भाजपा महामंत्री डॉ. विजय, यशपाल सभरवाल, पार्षद राजेश कुमार और वीरू वालिया, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, भारत नेपाल फाउंडेशन की सचिव सृजना अधिकारी, आयोजन समिति के महासचिव सुरेश, सचिव प्रणव सचदेवा, विजय राणा जनजातीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश जरयाल, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, सुभाष चटलू और युवा मोर्चा अध्यक्ष राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।