फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए 172 युवा
जेल वार्डर की भर्ती प्रक्रिया के तीसरे दिन 672 का हुआ पंजीकरण
पहले दिन के 200 बचे अभ्यर्थियों को भी दिया मौका
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जेल वार्डर के रिक्त पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के दौरान तीसरे दिन जिला कांगड़ा के 672 अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ। इसके अलावा पहले दिन के शेष बचे 200 अभ्यर्थियों का भी शुक्रवार को ग्राउंड टेस्ट लिया गया। वहीं शुक्रवार को 172 अभ्यर्थी दौड़, ऊंचाई, छाती और लॉंग जंप की बाधा को पार नहीं कर पाए, जिसके चलते उन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया गया है, जबकि अन्य अभ्यर्थियों ने अगले चरण में प्रवेश कर लिया है।
जिला कारागार धर्मशाला के उप अधीक्षक विनोद कुमार चंबियाल ने बताया कि शुक्रवार को भी 1100 के करीब युवाओं को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 672 लोगों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से जेल वार्डर बनने संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को अगले दौर में भेजा गया है।
एसएमएस से दी जा रही भर्ती की जानकारी
विनोद कुमार चंबियाल ने बताया कि बारिश के कारण जिला कांगड़ा के जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण हो चुका था और उनकी हाइट व चेस्ट की बाधा को पार कर अगले दौर में पहुंचे अभ्यर्थियों को एसएमएस के माध्यम से भर्ती की तिथि बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इन अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए 28 फरवरी का दिन रखा गया था, लेकिन अब इन्हें 26 फरवरी को बुलाया जा रहा है।
बारिश ने जेल विभाग पर डाला अतिरिक्त बोझ
धर्मशाला में चल रही जेल वार्डर भर्ती प्रक्रिया को जेल विभाग पर हर दिन अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। बारिश के कारण यह भर्ती प्रक्रिया पुलिस मैदान धर्मशाला में नहीं हो पा रही है, जिसके चलते जेल विभाग को सिंथेटिक ट्रैक को हायर करना पड़ा है। इसके चलते जेल विभाग को हर दिन 5000 रुपये का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा।