पालमपुर (कांगड़ा)। एक्सईएन साहब! एक दिन में लगाओ बिजली का कनेक्शन। यह आदेश स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने अधिकारी को दिए। दरअसल लोगों ने कालू दी हट्टी पर लगी हैंडपंप मोटर को बिजली का कनेक्शन न मिलने की शिकायत की थी। इस पर उन्होंने फोन पर बिजली बोर्ड के एक्सईएन को निर्देश दिए कि एक दिन में बिजली लगाओ।
बिजली का कनेक्शन नहीं मिलता है तो उन्हें सूचना दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जब भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलेगी तो घराणा में प्राथमिकता के आधार पर हेल्थ सब-सेंटर को स्तरोन्नत कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया जाएगा। परमार पंचायत घराणा में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उप केंद्र घराणा के लिए 23 लाख तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घराणा के अतिरिक्त भवन के लिए 49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कमांड एरिया डेवलपमेंट के तहत उठाऊ सिंचाई योजना घराणा, डूहक, भ्रांता, पुड़बा और पुड़बा-बलोटा के निर्माण पर 200 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
उन्होंने घराणा में कुल देवी के मंदिर के लिए 1 लाख और भोटी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 हजार रुपये , सरस्वती महिला मंडल भवन के शेष कार्य के लिए 3 लाख और गांव के लिए 10 सोलर लाइट देने की घोषणा की। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, महामंत्री चंद्रवीर, बीडीसी अध्यक्ष सुनील मेहता, बीडीसी सदस्य सुजाता देवी, प्रधान, विकास धीमान, बीना राणा, प्रताप पठानिया, सुरेश कुमार, आरएम राजकुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।
बस में बैठे मंत्री को देख लोग हुए हैरान
सुलह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत क्यारवां के खरैना गांव के लिए शुरू हुई बस में बैठे स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार को देख लोग हैरान हो गए। मंत्री ने बस का खरैना गांव में शुभारंभ करना था, लेकिन मंत्री स्वयं ही बस में सवार होकर वहां पहुंच गए। इस दौरान खरैना की महिला मंडल की मीना राणा, लीला देवी, सकिन्द्रा देवी, सत्य देवी, अनीता कुमारी, बिनता देवी, रोशन लाल, बसंत सिंह, पंचायत प्रधान मस्त राम, मोमी राम और संसार चंद मौजूद रहे।