बाइक रैली से बताईं केंद्र की योजनाएं
धर्मशाला (कांगड़ा)। केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता को बताने के लिए रविवार को भाजयुमो ने बाइक रैली निकाली। रैली को खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने हरी झंडी देकर रवाना किया। मंत्री ने युवाओं के साथ बाइक पर बैठकर रैली में भाग लिया। मंत्री कपूर ने केंद्र सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल को बेमिसाल करार देते हुए कहा कि सरकार ने हर मोर्चे पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित शहर के अन्य 150 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। बाइक रैली धर्मशाला के कोतवाली बाजार के सामुदायिक भवन के प्रांगण से शुरू होकर दाड़ी, सिद्धबाड़ी से होते हुए योल में समाप्त हुई। इस अवसर पर भाजपा के मंडलाध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, पार्षद सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार, वीरू वालिया, भाजयुमो अध्यक्ष राकेश कुमार, भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विपिन नैहरिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।