नवरात्र के अधूरे प्रबंधों पर अफसरों से मांगा जवाब
एसडीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार
लोगों की शिकायतों पर बुलाई रिव्यू बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी में रविवार को शुरू हो रहे नवरात्रों के मद्देनजर अधूरे प्रबंधों को लेकर एसडीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाई है। विभागों को निर्देशों के बावजूद अभी तक नवरात्रों को लेकर प्रबंध अधूरे हैं। लोगों की शिकायतों पर सहायक मंदिर आयुक्त राकेश कुमार शर्मा ने तैयारियों के लिए रिव्यू बैठक बुलाई थी। इसमें तैयारियों को लेकर पुख्ता प्रबंध न होने के चलते सहायक मंदिर आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों से जवाब तलबी की।
उन्होंने कहा कि जो भी निर्देश पूर्व मेला बैठक में दिए गए थे, उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया। इससे शहर के लोगों की नवरात्रों को लेकर अधूरे प्रबंधों की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को प्रमाण पत्र जारी करके उनकी हाजिरी रजिस्टर में लगाने के आदेश दिए। नगर परिषद के अधिकारियों को नप की पार्किंगों में रेट लिस्टें लगाना सुनिश्चित करने, खाद्य आपूर्ति विभाग को फल विक्रेताओं एवं अन्य सामान विक्रेताओं को रेट लिस्टें लगाने, मुख्य मंदिर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त तत्काल प्रभाव से करवाने, आईपीएच विभाग को शहर में लीकेज चेक कर उसे दुरुस्त करने, बस स्टैंड और नप की पार्किंगों के गड्ढे भरने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में मंदिर अधिकारी वेद प्रकाश अवस्थी, सहायक मंदिर अधिकारी अमित गुलेरी, डीएसपी योगेश दत्त जोशी, नप अध्यक्ष भावना सूद, नप कनिष्ठ अभियंता कमलकांत, डॉ. सतिंद्र वर्मा, कनिष्ठ अभियंता आईपीएच संदीप ठाकुर, एसएचओ मनोहर चौधरी, एसडीओ मंदिर शमशेर सिंह ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक देशराज, बलदेव, कमल ठाकुर, सुनीता देवी, सिक्योरिटी इंचार्ज रविदत्त भारद्वाज, मुख्य आरक्षी कमलजीत, राजकुमार, राजिंद्र, अवतार, देवराज, सुमित, हैप्पी और गुड्डू आदि मौजूद रहे।