अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके के गांव बगौड़ा में आग से एक पशुशाला जल गई है। आग लगने से पशुशाला में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया है। हालांकि, अग्निकांड में किसी जानमाल की हानि नहीं हुई है। आग लगने से पीड़ित को करीब एक लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हो गया है। स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मंगलवार दोपहर को बगौड़ा में सुनील जंवाल की पशुशाला में आग लग गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो वहां पर मौजूद घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। पशुशाला के मालिक सुनील जंवाल ने कहा कि आग लगने से उनकी पशुशाला जल गई है। पशुशाला में रखा सारा घास और अन्य सामान जल कर राख हो गया। इससे उन्हें करीब एक लाख से अधिक नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी लखवीर सिंह गुलेरिया ने कहा कि विभाग को सूचना मिलते ही गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी और आग पर काबू पा लिया गया। उधर, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस को आग लगने का पता चला और पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन कर रही है।