धर्मशाला। एलपीजी उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनिल एचपी गैस धर्मशाला की ओर से 10 किलोग्राम क्षमता वाला आधुनिक और हल्का कंपोजिट गैस सिलिंडर ‘नव्या’ लॉन्च किया गया। लॉन्चिंग समारोह में सीआरएम रोहित शर्मा, सहायक बिक्री प्रबंधक सुरंजन शर्मा, धर्मशाला नगर निगम के पार्षद हर्ष ओबेरॉय, अनिल एचपी गैस एजेंसी की संचालक रितु शरोत्री और शिमला एलपीजी क्षेत्रीय कार्यालय के डीलर उपस्थित रहे।
दिखेंगी ये खूबियां
नया कंपोजिट सिलिंडर अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है जो उपभोक्ताओं को कई व्यावहारिक लाभ प्रदान करेगा। यह पारंपरिक भारी लोहे के सिलिंडर के मुकाबले लगभग आधा हल्का है जिससे इसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर उठाने, ले जाने और रसोई में व्यवस्थित करने में काफी आसानी होगी। सिलिंडर की बॉडी सेमी-ट्रांसपेरेंट होने के कारण इसमें बची हुई गैस का स्तर बाहर से ही साफ नजर आएगा। इससे अचानक गैस खत्म होने की समस्या से छुटकारा मिलेगा। कंपोजिट फाइबर बॉडी होने की वजह से इसमें जंग नहीं लगेगा जिससे रसोई के फर्श या टाइल्स पर जंग के लाल निशान नहीं पड़ेंगे।
छोटे परिवारों, नौकरीपेशा व किरायेदारों के लिए सुविधाजनक
संचालक रितु शरोत्री ने बताया कि यह 10 किलो वाला हल्का सिलिंडर विशेष रूप से अकेले रहने वाले युवाओं, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और छोटे परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसकी सीमित क्षमता और सुगम हैंडलिंग दैनिक उपयोग को काफी आसान बना देती है।
बुकिंग और डिलीवरी की सुविधा
‘नव्या’ कंपोजिट सिलिंडर की बुकिंग के लिए उपभोक्ता अनिल एचपी गैस एजेंसी धर्मशाला के आधिकारिक कार्यालय नंबर पर सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, उपभोक्ता एचपी पे मोबाइल एप के माध्यम से भी घर बैठे आसानी से सिलिंडर ऑनलाइन ऑर्डर कर सकते हैं।