नगराेटा बगवां (कांगड़ा)। विधानासभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के लोगों को जल्द ही 10 इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलने जा रही है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक आरएस बाली 18 सितंबर को नगरोटा बगवां में इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कांगड़ा स्थित अपने निवास पर जनसमस्याएं सुनते हुए उन्होंने यह घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत भी जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया। विधायक आरएस बाली ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया।
उन्होंने कहा कि नगरोटा समेत पूरे क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाली ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द सुलझाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश से जो सड़कें टूट गई हैं, उनकी मरम्मत का काम भी शीघ्र शुरू किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।