कार्निवल की स्टेज पर कलाकार को लगा करंट
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस मैदान धर्मशाला में चल रहे कांगड़ा वैली कार्निवल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या से पहले दिन के समय एक बड़ा हादसा होने से टल गया। स्टेज पर कार्यक्रम से पहले रिहर्सल कर रहे केरल के कलाकारों में एक को करंट लग गया। जिसे बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।
रिहर्सल के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार कांगड़ा वैली कार्निवल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में केरल के थाईकुड़म ब्रिज बैंड की प्रस्तुति है। अपनी प्रस्तुति से पहले संबंधित बैंड के कलाकार कार्निवल की स्टेज पर रिहर्सल कर रहे थे। इस दौरान बैंड के कलाकार के हाथ में रखे माइक में करंट दौड़ गया और वह वहीं पर अचेत हो गया। इसके चलते उसके अन्य साथी कलाकारों ने लातों और कुर्सियों की मदद से अचेत हुए कलाकार के हाथ से माइक छुड़ाने की कोशिश की। वहीं, बताया जा रहा है कि यह करंट बैंड के दो कलाकारों को लगा है। इनमें से एक की हालत ठीक थी, जबकि दूसरे कलाकार को धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर पहुंचे एडीसी सौरभ जस्सल
इस दौरान कलाकारों ने एंबुलेंस की आवाजें लगाईं, लेकिन मौके पर कोई भी एंबुलेंस मौजूद नहीं थी, जिसके चलते उन्हें एक अन्य गाड़ी के माध्यम से अस्पताल पहुंचा गया। वहीं, कुछ देर बाद एंबुलेंस भी पुलिस मैदान धर्मशाला पहुंच गई, लेकिन वह बिना किसी मरीज को लिए ही वापस लौट गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी नारायण सिंह ने स्टेज आपरेटर से घटना बारे जानकारी ली। साथ ही उन्हें पूरे सामान का दोबारा निरीक्षण करने को कहा। वहीं, इसके बाद मौके पर एडीसी सौरभ जस्सल भी पहुंचे। उन्होंने भी स्टेज का जायजा लिया।
पांचवीं स्टार नाइट सतिंदर सरताज के नाम
कांगड़ा वैली कार्निवल की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या सुरों के सरताज सतिंदर सरताज के नाम होगी। आज कांगड़ा वैली कार्निवल में ड्रोन शो, कांगड़ा दर्शन, हॉट एयर बैलून राइड और कैमल राइड सहित कई गतिविधियां रहेंगी।