गगल (कांगड़ा)। क्षेत्र के चैतडू गांव के भीम टिल्ला के पास रविवार को मांझी खड्ड में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी अनुसार चंबा के होली गांव निवासी 18 वर्षीय राजकुमार धर्मशाला कॉलेज में एडमिशन लेने आया था और चैतड़ू में अपने रिश्तेदारों के घर में रुका था। गगल थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि राजकुमार सुबह एक अन्य लड़के के साथ मांझी खड्ड में नहाने गया था। इस दौरान पानी में जाने के कुछ देर बाद उसे बाहर नहीं निकलता देख दूसरे युवक ने भागकर गांव में लोगों को सूचित किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड धर्मशाला को सूचित किया गया।
फायर कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर डूबे युवक को पानी से बाहर निकाला। युवक को धर्मशाला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार एक दिन पहले ही युवक ने धर्मशाला कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में एडमिशन ली थी। पुलिस जांच अधिकारी संजय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।