धर्मशाला/देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे नशे की अंतरराज्यीय तस्करी के एक और नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। देहरा पुलिस ने ब्यास पुल पर लगाए गए नाके में दिल्ली नंबर की गाड़ी से 3702 नशीले कैप्सूल और 47 टेबलेट बरामद कर कांगड़ा उपमंडल के गग्गल निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नशे की यह खेप देश की राजधानी दिल्ली से लाई जा रही थी। जिला पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगामी जांच की जा रही है। नशीले कैप्सूलों की तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी नंबर डीएल-3 कैन-2512 को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के मुताबिक गत रात पुलिस ने देहरा के ब्यास पुल पर नाका लगा रखा था। इस दौरान शक के आधार पर दिल्ली नंबर की एक फोर्ड गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल और टेबलेट बरामद किए गए। पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गाड़ी में सवार 33 वर्षीय अजय कुमार और 40 वर्षीय राजेश कुमार निवासी गांव डुगियारी पोस्ट ऑफिस गग्गल को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों दिल्ली से नशा लाकर जिले में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करते हैं।
एसएसपी कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि नशे के अंतरराज्यीय तस्करों की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस लगातार काम कर रही है, जिसमें पुलिस को सफलता मिली है। नशा माफिया को जिले में कतई पैर पसारने नहीं दिए जाएंगे। पुलिस का अभियान दिन-रात जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।