जयसिंहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल के रोपड़ी गांव में देरु के पास वाहन की चपेट में आकर छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार देरू के पास एक ट्राले से लकड़ी उतारी जा रही थी। इतने में पालमपुर की तरफ से आ रही एक निजी बस से पास लेते समय ट्राला अनियंत्रित हो गया और पास में ही डिपो के सामने सामान ले रही नीमा देवी और उसकी दो बेटियों अंजलि (10 ) और मुस्कान (6) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसों में महिला और उसकी दोनों बेटियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। तीनों को एंबुलेंस से जयसिंहपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन छह वर्षीय मुस्कान ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। लंबागांव थाना प्रभारी अभिमन्यु शर्मा ने बताया कि हादसे के आरोपी राजेश कुमार को हिरासत में लेकर लड़की की मां के बयान के आधार पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस हादसे की गहनता से जांच कर रही है।