कांगड़ा। दौलतपुर में वीरवार को सियासी ड्रामे के बीच विधायक पवन काजल ने आईटीआई भवन का रिबन काटकर एक दिन पहले ही उद्घाटन कर दिया। शुक्रवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने आईटीआई भवन का उद्घाटन करना था और प्रस्तावित कार्यक्रम के कार्ड तक बंट चुके हैं। वीरवार दोपहर बाद विधायक काजल दौलतपुर में पब्लिक मीटिंग करने पहुंचे। इस दौरान विधायक ने आईटीआई भवन का रिबन काटकर उद्घाटन कर दिया। संबंधित और अन्य विभागों के अधिकारियों की गैर मौजूदगी में उद्घाटन करने के बाद काजल ने कहा कि लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से बने आईटीआई भवन का उद्घाटन करने की उन्हें कोई जल्दबाजी नहीं थी लेकिन उन्हें बताया गया कि मंत्री जीएस बाली इस भवन का शुक्रवार को उदघाटन करेंगे। कांगड़ा विस का जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें संबंधित किसी भी विभाग ने कार्यक्रम बारे सूचित नहीं किया। यह सही है कि आईटीआई मंत्री के विभाग के तहत आता है, लेकिन स्थानीय विधायक को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। इसलिए बतौर एमएलए उन्होंने इस भवन का पहले उद्घाटन कर दिया। काजल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आईटीआई भवन का शिलान्यास किया था और उनका उद्घाटन का दौरा भी शीघ्र होने वाला है। उन्हें लगता है कि मंत्री बाली सीएम को भी सुपरसीड करना चाहते हैं। अब वह स्थानीय विधायक के नाते शुक्रवार के कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे। उधर, आईटीआई भवन के उद्घाटन समारोह में काजल की अनदेखी को लेकर मौके पर मौजूद दौलतपुर, कुल्थी, तकीपुर सहित कई पंचायतों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार के कार्यक्रम का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। मटौर पंचायत प्रधान कै. निर्मल सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों में बाली ने कांगड़ा विस क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया। दौलतपुर पंचायत प्रधान संतोष कुमारी, उपप्रधान एसके सोनी, कुल्थी प्रधान कौशल्या देवी, धमेड़ प्रधान मदन, रानीताल प्रधान प्रेम लता, जनयानकड़ प्रधान कोमल, तकीपुर प्रधान सुमन, हारजलाड़ी प्रधान मीना ने कहा कि आईटीआई खुलवाने व उसके भवन निर्माण का श्रेय विधायक पवन काजल को जाता है। सहौड़ा प्रधान विजय विजू, रंजीत सिंह ने कहा कि भवन के उद्घाटन का हक सिर्फ विधायक का है।
इनसेट----------
काजल ने उद्घाटन में की घुसपैठ : मोंगरा
आईटीआई भवन के एक दिन पहले ही उद्घाटन के मसले पर पीसीसी सचिव नीशू मोंगरा ने कहा कि जिस तरह ने विधायक काजल ने भाजपा से कांग्रेस में घुसपैठ की है, उसी तरह उन्होंने इस उद्घाटन में घुसपैठ कर दी है।