नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि वह नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र को विकास का सर्वश्रेष्ठ मॉडल बनाने के लिए जी जान से जुटे हैं। लोगों को सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाने एवं मौजूदा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ ही नवीन परियोजनाओं को लागू करने पर जोर दिया गया है। क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की गति को और तीव्रता दी जाएगी। बाली शुक्रवार को नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के खप्परनाला, बालुग्लोआ, घीणा, मोरठ जसाई, रतियाड़ तथा बूसल में आपका विधायक, आपके घर द्वार कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। बाली ने कहा कि खप्परनाला में सड़क निर्माण के लिए 20 लाख रुपये जारी किए गए हैं तथा इसी गांव की हरिजन बस्ती में पुली निर्माण के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 3.50 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत जसाई मोरठ में लोहार-लाहड़ी संपर्क सड़क का नाबार्ड के माध्यम से निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रजियाड़, मुहालकड़, गौरियां संपर्क सड़क की डीपीआर बनाई जा रही है, इस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस दौरान बाली ने बनयार बस्ती में हैंडपंप और खव्बल खोली चौक पर वर्षाशालिका के निर्माण की घोषणा की तथा लिंक रोड मोरठ झांग को पक्का करने के लिए 18 लाख देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायत रटियाड़ में खेल मैदान के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार के लिए एक लाख देने की घोषणा की।