नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। स्थानीय अस्पताल में एक अतिरिक्त सफाई कर्मचारी रखा जाएगा। जबकि, एक सुरक्षा गार्ड भी तैनात किया जाएगा। इसी के साथ अस्पताल में एक डिजिटल एक्सरे मशीन, लैब सेल काउंटर और बायो टॉयलेट्स की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय विधायक एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली से आग्रह किया जाएगा। ये सभी निर्णय आरकेएस की बजटीय बैठक में लिए गए। इसके साथ ही बच्चों के वार्ड के वातावरण को उनके अनुरूप संवारने और खिलौनों का प्रावधान करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। नगरोटा बगवां अस्पताल के बजट में इस साल दस लाख तक की कमी आई है। शनिवार को बैठक में सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां में वित्त वर्ष 2017-18 के लिए करीब 37 लाख रुपये बजट का खाका तैयार किया गया। यह बजट पिछले साल के मुकाबले इस चालू वित्तीय वर्ष के प्रस्तावित बजट में करीब 10 लाख रुपये कम है। इसका कारण राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अस्पताल को मिलने बाली बीमा राशि का अभी तक उपलब्ध न होना बताया गया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सिद्धार्थ आचार्य की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई। इसमें अस्पताल में अतिरिक्त सुविधाओं और सुधारीकरण के लिए विभिन्न सेवाओं पर खर्च करने के लिए 36 लाख 75 हजार रुपये का अनुमानित बजट का एक खाका तैयार किया गया। बीएमओ डॉ. सुभाष ठाकुर ने बताया कि आरकेएस की आगामी बैठक में परिवहन मंत्री जीएस बाली की उपस्थिति में उनके अनुमोदन पश्चात इस बजट को पारित किया जाएगा। बीएमओ ने बताया कि अनुमानित बजट से मुख्यता मशीनरी की खरीद पर तीन लाख, कार्यालय के खर्चों के लिए दो लाख, नए फर्नीचर को एक लाख, डायग्नोस्टिक को पांच लाख, अस्पताल के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए 10 लाख, जबकि सेनिटेशन के लिए एक लाख रुपये खर्च करने का बजट में प्रावधान किया गया है। यह धनराशि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम ने अस्पताल के क्षेत्र की शीघ्र निशानदेही करवाने की सख्त ताकीद की। इससे पूर्व बीएमओ ने पिछले वित्तीय वर्ष का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। बैठक में बीएमओ डॉ. सुभाष ठाकुर, बीडीओ रामेश्वर भाटिया, नप अध्यक्ष स्वर्णा वालिया, स्वास्थ्य शिक्षिका उर्मिल कुमारी, डॉ. राजेंद्र सिंह, आरकेएस प्रभारी सुशील धीमान, सीडीपीओ विजय शर्मा, मनोज मेहता, राकेश नागपाल, जिला परिषद सदस्य ओंकार चंद और पार्षद मधु शर्मा आदि मौजूद रहे।