जयसिंहपुर (कांगड़ा)। जयसिंहपुर के तहत पंचरुखी-सुंआ से लंबा गांव सड़क की हालत खराब होने से लोग परेशान हैं। सुंआ पंचायत के उपप्रधान कैप्टन टेक सिंह राणा ने बताया कि सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। चार महीने पहले विभाग ने सड़क से पानी की निकासी के लिए नालियों की खुदाई की लेकिन, अब तक नालियों का काम शुरू नहीं हुआ है। इससे सड़क किनारे दुकानों, पशुशालाओं और मकानों को बरसात के पानी से नुकसान हो रहा है। कई दुकानें बरसात के पानी से भर गई हैं। कैप्टन टेक चंद, प्रधान राणा, सुविधा, अमीचंद, उपप्रधान दिलीप सिंह राणा, सुभाष सिंह सरियाल, अशोक सरियाल, रमेश बालिया, कर्म चंद, प्रदीप कुमार, बीडीसी सदस्य महेंद्र सिंह और राजीव कुमार ने कहा कि सड़क ने नाले का रूप ले लिया है। नालियों का काम करवाने के लिए गांववासी एसडीओ और जेई से कई बार मिल चुके हैं लेकिन, अब तक काम शुरू नहीं हुआ। पंचायत का एक शिष्टमंडल इस विषय पर एक्सईएन बैजनाथ से भी मिल चुका है। फिर भी काम नहीं हुआ। लोगों ने साफ कहा कि तीन दिन के अंदर काम शुरू नहीं हुआ तो गांववासी सड़क में आवाजाही रोक देंगे। इसके नुकसान की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि चमेडू से लेकर रोपड़ी तक सड़क में पांच सालों में एक भी पैच नहीं लगा है। उधर, एसडीओ पंचरुखी आरके शर्मा ने बताया कि सड़क को दुरुस्त कर दिया जाएगा।