चढियार (कांगड़ा)। चढियार के साथ लगते गांव डोली खुर्द सड़क मार्ग पिछले लंबे समय से अपनी खराब हालत के चलते लोगो की परेशानी का कारण बना हुआ है। इस सड़क मार्ग की हालत एक नाले की तरह बनी हुई है। सड़क पर तो कोलतार का तो नामोनिशान तक मिट गया है। सड़क पर अधिकतर जगह पर गड्ढे पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग मंडल बैजनाथ के तहत आने वाली इस सड़क की हालत इस समय बहुत खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित विभाग और बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल से सड़क को दुरुस्त करने का आग्रह किया, लेकिन पिछले चार सालों से इस सड़क पर संबंधित विभाग तथा विधायक किशोरी लाल ने कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि सड़क चढियार क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में से है और इस सड़क में हर दिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं लेकिन लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के चलते वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जल्द सड़क की दशा को सुधारा नहीं किया गया तो लोगों को धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इसके बारे में आरके शर्मा सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग उपमंडल पंचरुखी ने बताया कि सड़क को कंकरीट से बनाने की डीपीआर तैयार हो चुकी है। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बताया कि सड़क को जल्द ही दुरुस्त करवा दिया जाएगा।