पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में हिमाचल के कांगड़ा, पालमपुर क्षेत्र और गद्दी समुदाय का मान बढ़ाया है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार और विधानसभा अध्यक्ष से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट करने की मांग की है। मिश्रा ने कहा कि वे खुद चाय बागान के मालिक हैं और यह पहली बार हुआ है कि देश के प्रधानमंत्री ने विदेश में कांगड़ा और चाय बागान मालिकों का मान सम्मान बढ़ाया हो। अपने अमेरिकी दौरे पर राष्ट्रपति ट्रंप के परिवार को उन्होंने हिमाचली उत्पाद तोहफे में दिए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की पत्नी मेलेनिया और बेटी इवांका को हिमाचली शाल भेंट की। मेलेनिया ट्रंप को मोदी ने चांदी का एक ब्रेसलेट भी भेंट किया, जिससे कांगड़ा का मान बढ़ा है। स्थानीय भाषा में इसे गोजरू कहते हैं जो मूल रूप से गद्दी समुदाय की महिलाओं का लोकप्रिय आभूषण है। मोदी ने विश्व प्रसिद्ध कांगड़ा चाय और कांगड़ा शहद भी ट्रंप परिवार को दिया, जिससे साफ है कि पीएम मोदी को हिमाचल और कांगड़ा से कितना प्यार है। मिश्रा ने पीएमओ के ट्वीट को साझा करते हुए इसे गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पालमपुर में वार्षिक चाय उत्सव मनाया जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करें।