डमटाल/इंदौरा (कांगड़ा)। नशे के खिलाफ मुहिम के तहत नारकोटिक सेल के डीएसपी नवदीप सिंह ने अपनी टीम के साथ अलग-अलग जगहों पर छापामारी और नाकेबंदी के दौरान एक लाख 32 हजार मिलीलीटर लाहन और 75 ग्राम भुक्की समेत नशे का कारोबार करने वाले दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक ढांगू में नाके के दौरान दीपक कुमार पुत्र राज कुमार निवासी छन्नी से करीब 75 ग्राम भुक्की और सात हजार मिलीलीटर लाहन के अलावा एक नशीली सीरिंज बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ ढांगू पीर पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, डमटाल के छन्नी बेली गांव में दबिश के दौरान रमेश कुमार के घर से प्लास्टिक के केनों में करीब 90 हजार मिलीलीटर लाहन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ डमटाल पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। इसी कड़ी में भदरोआ में सुमन कुमारी के घर पर छापेमारी के दौरान करीब 35 हजार मिलीलीटर लाहन बरामद की गई। आरोपी महिला के खिलाफ कंडवाल पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। एसपी संजीव गांधी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।