कांगड़ा। राष्ट्रीय स्तर के निफ्ट संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट हैक कर अपने समेत अन्य छात्रों के नंबरों से छेड़छाड़ करने के आरोपी छात्र को पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस ने आरोपी छात्र को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने आरोपी को रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार को कांगड़ा के छेब स्थित निफ्ट संस्थान की वेबसाइट हैक कर मार्कशीट से छेड़छाड़ करने का सनसनीखेज कारनामा सामने आया था। अति संवेदनशील मामले को लेकर संस्थान ने तत्काल पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्र को संस्थान से गिरफ्तार किया था। पांच दिन का रिमांड मिलने के बाद पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। छात्र ने इतने बड़े संस्थान की वेबसाइट कैसे हैक की, यह अहम छानबीन का विषय है। साथ ही उसने साइट हैकिंग के बाद मार्कशीट से छेड़छाड़ कैसे की, यही नहीं संस्थान के अन्य छात्रों के नंबर भी कैसे बढ़ाए, पुलिस पूछताछ में आरोपी से सारे राज उगलवाएगी। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि रिमांड में पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी। इस मामले में अन्य की संलिप्तता पर भी पुलिस की पैनी नजर है।