अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले आईपीएल के तीन मैचों के टिकट लेने के लिए क्रिकेट प्रेमियों को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों को ऑनलाइन टिकट बुक करने की इस बार बुकिंग कंपनी ने जानकारी देने के लिए एडवांस सुविधा शुरू की है।
इसके तहत क्रिकेट प्रेमी पंजाब किंग्स की आधिकारिक टिकट बुकिंग डिस्ट्रिक एप पर जाकर अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर कर सकते हैं। इसके बाद जब मैचों की टिकट बुकिंग ऑनलाइन शुरू होगी तो पंजीकृत मोबाइल नंबर पर क्रिकेट प्रेमियों को संदेश आ जाएगा। इसके बाद क्रिकेट प्रेमी एप पर जाकर आईपीएल मैचों की टिकट बुक कर सकते हैं। इसमें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर टिकट मिलेगा।
एप पर एक व्यक्ति केवल दो टिकट ही बुक करवा पाएगा। इसके बाद क्रिकेट प्रेमी को दोबारा टिकट बुक करने के लिए एप पर दोबारा लॉग-इन करना होगा। धर्मशाला में चार मई को पंजाब किंग्स वनाम लखनऊ सुपर जाइंट्स, आठ मई पंजाब किंग्स वनाम दिल्ली कैपिटल, 11 मई पंजाब किंग्स वनाम मुंबई इंडियन्स के बीच मैच खेले जाएंगे।