बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। तीन दिन बाद अटल टनल रोहतांग से बस सेवा शुरू हो गई है। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर भी निगम की बस घियागी के बजाय सोझा तक भेजी गई। इससे बाह्य सराज के लोगों को 10 किलोमीटर पैदल चलने से राहत मिली। अब उन्हें पांच किमी पैदल सफर करना होगा। प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार देर रात से मौसम के करवट बदलने की संभावना है।
निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को सुबह और शाम के समय कोहरा छाया रहा। वीरवार को भी इन क्षेत्रों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 और 21 जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। निचले पर्वतीय-मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
17, 18, 19 और 20 जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी व शिमला जिले के कई भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। अगले 3-4 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।