हिमाचल प्रदेश में चौथे दिन भी चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर रहा। शनिवार को भी रोहतांग दर्रा समेत लाहौल की ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। राजधानी शिमला समेत मनाली, बंजार में भी बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया है। रविवार से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। रविवार सुबह से शिमला में धूप खिली हुई है। 13 से 15 अप्रैल तक अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिलने का पूर्वानुमान है। 16 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर कई जगह बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार रात राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में बादल बरसे। मौसम में आए बदलाव से लाहौल-स्पीति और किन्नौर के न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज हुई है। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से कुछ राहत मिली है।
शनिवार को प्रदेश में कई जगह दिन भर बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16 और 17 अप्रैल को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला और मंडी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित सिरमौर और सोलन में 17 अप्रैल तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 18 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.1, कुकुमेसरी में 0.8, नारकंडा में 3.6, कल्पा में 4.8, ताबो में 5.4, कुफरी में 5.7, शिमला में 9.0, मनाली में 9.3, धर्मशाला में 9.8, सोलन में 11.2, ऊना में 11.8, चंबा में 12.0, कांगड़ा में 14.4, मंडी में 14.7, हमीरपुर में 16.5, बिलासपुर में 17.7 और पांवटा साहिब में 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
कहां-कितनी हुई बारिश
शुक्रवार रात को शिमला में 8.8, सुंदरनगर में 13.4, कल्पा में 2.4, धर्मशाला में 40.0, पालमपुर में 19.2, सोलन में 15.0, कांगड़ा में 8.5, मंडी में 14.8, चंबा में 11.0, डलहौजी में 22.0, जुब्बड़हट्टी में 10.1, भरमौर में 10.5 और कसौली में 4.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।