विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जलोड़ी जोत के नीचे से टनल बनाए जाने की मांग अब साकार होने की दिशा में अग्रसर है। टनल की एलाइनमेंट को लेकर संयुक्त निरीक्षण भी किया जा चुका है। इससे एफसीए की प्रक्रिया को भी गति मिलेगी। सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण जलोड़ी दर्रा पूरी तरह बंद हो जाता है। अभी तक आनी, निरमंड और बंजार क्षेत्र के लोगों को शिमला या करसोग होकर लंबा सफर तय करना पड़ता है। अब टनल निर्माण से यह समस्या समाप्त हो जाएगी और लोगों को सालभर सुरक्षित व सीधा रास्ता मिलेगा। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि ढली से सैंज फोरलेन निमार्ण के लिए जल्द ही पीएमसी की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि लुहरी-औट भी महत्वपूर्ण सड़क है। लुहरी में बहुत पुराना पुल है, इसे अपग्रेड करने की आवश्यकता है। इस कार्य को भी वार्षिक योजना में लाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक अजय सोलंकी के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि फाॅरेस्ट क्लीयरेंस की पेंडेंसी को दूर किया जा रहा है। जिला उपायुक्तों की अध्यक्षता में कमेटियां बनाई गईं हैं। जो मामले चंडीगढ़ में लंबित हैं, उन्हें भी देखा जा रहा है। वन विभाग को अनिवार्य पौधरोपण के लिए पैसा जमा करवाना सरकार का दायित्व है। इसे पूरा किया जा रहा है। विधायक निधि से भी इस राशि का विधायक प्रावधान कर सकते हैं। विधायक सोलंकी ने कहा कि 1.65 करोड़ की राशि बड़ी है। विधायक प्राथमिकता से इसका प्रावधान किया तो कुछ भी नहीं बचेगा।