भेड़-बकरियां चराने श्रीखंड के रास्ते पर निकले निरमंड के तीन भेड़ पालकों की मौत हो गई। ये तीनों श्रीखंड यात्रा के बेस कैंप सिंहगाड़ से काफी ऊपर कुंशा में अपने ठहराव में मृत पाए गए। तीनों की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हो गई है। हालांकि, मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो हो पाएगा।
सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान डिनु राम (45) पुत्र धनी राम गांव जुआगी, डाकघर जाओं, पवन देव (31) पुत्र पदम सिंह निवासी ठारवा डाकघर डीम और बजारू राम (58) पुत्र मारू राम गांव बसवारी डाकघर जाओं तहसील निरमंड के रहने वाले हैं। तीनों करीब एक सप्ताह पहले अपनी भेड़-बकरियों को चराने निकले थे। इसी बीच जब घरवालों ने इनसे संपर्क करना चाहा तो ये फोन नहीं उठा रहे थे, जिससे परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ और वह इनकी तलाश में निकल पड़े। कुंशा पहुंचने पर तीनों व्यक्ति मृत पाए गए। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि तीन व्यक्तियों के मृत पाए जाने की सूचना है। शवों को निरमंड लाया जा रहा है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।