हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और किन्नौर में बारिश और भूस्खलन ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुल्लू जिले की सैंज घाटी में मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। देहुरीधार पंचायत के धाटा नामक नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से धाटा और गुहिड़ी वार्ड को जोड़ने वाली दो पुलियां बह गईं, इससे दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बाधित हो गया है। न्यूली-शैंशर मार्ग भी प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण किसानों और बागवानों की भूमि, फसलें तथा बगीचे भी प्रभावित हुए हैं। धाटा के समीप बहने वाले नाले के उफान में ब्रह्मा देवता की सौह (मैदान) का लगभग आधा हिस्सा बह गया।