फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Rain: हिमाचल में बारिश का कहर, भारी नुकसान; इन जिलों में मंगलवार को भी बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान

Mon, 01 Sep 2025 08:22 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बरपा रही है। प्रदेश में पिता-पुत्री समेत छह लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो लोग लापता हैं। इसके साथ ही कई जिलों में मंगलवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
हिमाचल में बारिश और भूस्खलन से विभिन्न जगहों में नुकसान। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट के बीच भारी बारिश और भूस्खलन से पिता-पुत्री समेत छह की मौत हो गई। दो लोग लापता हैं। शिमला के जुन्गा, जुब्बल-कोटखाई और सिरमौर में भूस्खलन से जानें गईं। चंबा में खंभे में गिरने से बिजली कर्मी की मौत हुई है। नेरवा में बेटा मलबे में दब गया। माता-पिता घायल हैं। पांगी में लकड़ियां एकत्र करता एक युवक नाले में जा गिरा युवक। सिरमौर के नौहराधार के चौरास में मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई। कुमारहट्टी में एक मकान जमींदोज होने से चार लोग घायल हुए हैं, जबकि पहाड़ी से पत्थर गिरने से तीन मणिमहेश यात्री घायल हुए हैं।

विज्ञापन

मनाली-लेह हाईवे ठप होने से कोकसर में 250 वाहन फंसे हैं। तीर्थन घाटी में सात घर खाली कराए गए हैं। लाहौल में सोमवार को बाढ़ आई और शिंकुला दर्रा में फिर बर्फबारी हुई। प्रदेश में पांच एनएच समेत 1277 सड़कें, 3207 बिजली ट्रांसफार्मर और 790 पेयजल योजनाएं ठप हैं। राजधानी शिमला में जगह-जगह पेड़ गिरने से कई संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला, ऊना, नाहन, सोलन में रविवार रात 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज हुई। प्रदेश में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। भूस्खलन होने के चलते कालका-शिमला रेललाइन की सभी ट्रेनें पांच सितंबर तक रद्द कर दी गई हैं। किन्नौर के निगुलसरी, नाथपा के पास नेशनल हाईवे पांच बंद होने से टापरी सब्जी मंडी में सेब की 7000 पेटियां भी फंस गई हैं। सोलन, चंबा, लाहौल और सिरमौर के स्कूलों मे मंगलवार को भी अवकाश रहेगा। शिक्षकों को घरों से ऑनलाइन कक्षाएं लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

शिमला जिले के जुन्गा तहसील के बलोग क्षेत्र के जोट गांव में भूस्खलन से मलबे की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वीरेंद्र (42) और बेटी दिव्यांशी (6) के तौर पर हुई है। वीरेंद्र की पत्नी निर्मला सुरक्षित है। घटना के समय निर्मला बाहर निकली थीं। जुब्बल तहसील के बढ़ाल गांव में एक मकान गिरने से 23 साल की युवती की दबने से मौत हो गई है जबकि कोटखाई में भी मकान ढहने से एक बुजुर्ग महिला कलावती की मौत हुई है। रोहडू के दयार मोगी गांव में देर रात भूस्खलन होने से चार परिवारों को प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। चौपाल की नेरवा तहसील के मधाना में भूस्खलन से एक मकान गिरने से तीन व्यक्ति घर में दब गए। जोगिद्र सिंह और उसकी पत्नी उषा को निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है जिनकी हालत गंभीर है। उनका 23 वर्षीय बेटा रविंद्र अभी भी मलबे में ही दबा है, उसे निकालने के प्रयास जारी हैं।

चंबा से भरमौर तक हाईवे प्राकृतिक आपदा से जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। सोमवार को जांघी के समीप पहाड़ी दरकने से हाईवे पर 20 मीटर डंगा जमींदोज हो गया। ग्राम पंचायत कोलका के वार्ड धर्माड़ी के गांव घाट्टेबगड़ा में गोशाला की दीवार गिरने से पांच भेड़-बकरियों की मौत हुई है। जनजातीय क्षेत्र होली में मुख्य बाजार में भारी बारिश के कारण दो दुकानें गिर गईं। लाहौल के पागलनाला में बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग का संपर्क फिर से कट गया है। सेामवार सुबह लाहौल में भारी बारिश से नाले में बाढ़ आ गई और यहां बीआरओ के बनाए अस्थायी मार्ग को नुकसान पहुंचा है। बंजार की तीर्थन घाटी के पाहली गांव में हुए भूस्खलन से गांव को खतरा हो गया है। यहां सात घरों को खाली करवाया गया है। सैंज के बिहाली नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरा हो गया है। जीवा व मातला गांव में दरारें आने से खतरा हो गया है। कई घरों को यहां खाली किया गया है।

चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी-कुल्लू के बीच हणोगी और झलोगी में भूस्खलन के कारण यातायात बाधित है। सोमवार को बारिश के चलते मलबा हटाया नहीं जा सका है। इस कारण इस एनएच पर सोमवार दिनभर यातायात नहीं चल सका। मंडी-पठानकोट हाईवे पर मलबा आने से यातायात अवरुद्ध हो गया है। सरकाघाट-धर्मपुर उच्च मार्ग पर पड़े गड्ढों के चलते सोमवार को जमसाई के पास एक टैक्सी सड़क किनारे पलट गई। खराब मौसम के कारण सोमवार को दिल्ली से गगल के लिए इंडिगो की फ्लाइट नहीं हुई। शिमला-भुंतर से भी हवाई उड़ानें ठप रहीं। पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा एनएच भी ठप है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर मनसार में पहाड़ी से मलबा गिर गया। इससे तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही थमी रही। कुमाहट्टी-नाहन सड़क भी गांधीग्राम में पहाड़ी से मलबा आने से बंद हो गई। कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलवे ट्रैक पर कोटी से तारादेवी तक भूस्खलन होने से सोमवार को सभी ट्रेनें रद्द रहींं।

कांगड़ा, मंडी, सिरमौर में आज भी रेड अलर्ट, अन्य में ऑरेंज
मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिला के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी हुआ है। शेष जिलों में भारी बारिश का ऑरेज अलर्ट रहेगा। तीन सितंबर को किन्नौर, सिरमौर और शिमला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। सितंबर के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य व सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

कहां बंंद रहेंगे शिक्षण संस्थान?
भारी बारिश के चलते शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, किन्नौर, चंबा, हमीरपुर, लाहौल स्पीति, सिरमौर, कुल्लू, ऊना, मंडी के शिक्षण संस्थान मंगलवार को भी बंद रहेंगे। 
 
विज्ञापन

क्षेत्र बारिश मिलीमीटर में
सोलन  193
नाहन 185
ऊना 147
कसौली 135
शिमला 123
जुब्बड़हट्टी 118
पांवटा साहिब 110
बरठीं 102
बिलासपुर  80
मनाली  39
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें