हिमाचल में कांग्रेस पदाधिकारियों के काम की हर तीन माह में समीक्षा होगी। साथ ही ब्लॉक स्तरीय बैठकें अब हर महीने के पहले सप्ताह या 10 दिनों के भीतर करनी होंगी। इन बैठकों में वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक और अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसकी रिपोर्ट प्रदेश स्तर पर भेजी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस महासचिव जिंटा ने इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं इन रिपोर्टों का आकलन करेंगे और फिर केंद्रीय आलाकमान को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया है कि पीसीसी, जिला और ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों के कामकाज की हर तीन माह में समीक्षा होगी। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने ब्लॉक स्तर पर पार्टी गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पांवटा साहिब नगर परिषद के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जिंटा ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठकें अनिवार्य की हैं। इन बैठकों की पूरी रिपोर्ट में पदाधिकारियों की उपस्थिति शामिल कर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन को भेजी जाएंगी। उन्होंने संगठन में अनुशासन बनाए रखने और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।